फतेहगढ़। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास मंगलवार को जीजा-साले के बीच विवाद के बाद मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई। घटना में एक युवक के घायल होने की सूचना है। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सैनिक कॉलोनी निवासी अजय पुत्र रामनरेश चौहान को उसके साले भोला सिंह राठौर निवासी गुजराती वाली गली ने बातचीत के लिए पुराना बस स्टैंड के पास बुलाया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और इसी दौरान भोला सिंह ने कथित रूप से चाकू से अजय पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान सड़क पर हंगामे की स्थिति बन गई और दोनों पक्षों के कपड़ों पर खून के निशान दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल रहा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली फतेहगढ़ ले गई। घायल अजय को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर विवाद की वजह और चाकूबाजी की घटना की जांच कर रही है।
पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और चाकू से हमला किस परिस्थिति में हुआ। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- राज अग्रवाल, फर्रुखाबाद, वॉच इण्डिया नाउ
फतेहगढ़ में जीजा-साले के विवाद में चाकूबाजी, दोनों पक्षों में मारपीट; पुलिस ने हिरासत में लिया




