Ambedkarnagar में जापानी इंसेफेलाइटिस का मरीज मिलने से प्रशासन अलर्ट, 27 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव

Spread the love

अंबेडकरनगर। जिले के विकासखंड जहांगीरगंज की ग्राम पंचायत सांति सदर में जापानी इंसेफेलाइटिस का मरीज मिलने की सूचना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मामले की जानकारी मिलते ही मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला और जिला पंचायत राज अधिकारी उपेंद्र कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर मरीज के घर के आसपास और गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर सैंपलिंग और आवश्यक जांच की। मरीज के परिवार के सदस्यों समेत आसपास के 27 लोगों की जांच कराई गई, जिनकी सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और पंचायती राज विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। मरीज के घर और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई, दवा का छिड़काव और अन्य आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई भी कराई गई है।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में निगरानी बनाए रखने और आवश्यक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि संक्रमण की संभावित स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

रिपोर्ट- अविनाश वर्मा, अंबेडकरनगर, वॉच इण्डिया नाउ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *