महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा से सटे सिसवा विधानसभा क्षेत्र के निचलौल कस्बे के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक रहा। योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में निचलौल बस डिपो को अत्याधुनिक रोडवेज स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए 100 करोड़ 31 लाख रुपये की बड़ी राशि को मंजूरी दे दी गई है।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर विकसित की जाएगी, जिसमें यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रस्तावित बस स्टेशन में एस्केलेटर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (मॉल) और अन्य आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
इस परियोजना को क्षेत्रीय विधायक प्रेम सागर पटेल की पहल पर स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने निचलौल तहसील स्थित बस डिपो को अत्याधुनिक रूप देने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है।
यह बस स्टेशन न केवल स्थानीय लोगों के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण साबित होगा, खासकर भारत-नेपाल सीमा के नजदीक होने के कारण यहां यातायात और आवागमन को नई गति मिलेगी।







