फतेहपुर के जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के अमौली कस्बे में स्थित रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। विधायक राजेंद्र सिंह पटेल के प्रयासों से उत्तर प्रदेश सरकार के सांस्कृतिक निदेशालय द्वारा इस परियोजना के लिए बजट मंजूर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, योजना के तहत रामलीला मैदान का विकास, सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में आयोजित होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी नया आयाम मिलेगा।



विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि रामलीला मैदान क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां हर वर्ष रामलीला सहित कई सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। उन्होंने कहा कि मैदान के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं और आमजन को सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के सांस्कृतिक महत्व को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों में इस स्वीकृति को लेकर खुशी का माहौल है और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




