Fatehpur: ननदोई पर लगाया पति को जहर देने का आरोप, पत्नी ने SP से लगाई न्याय की गुहार

Spread the love

Fatehpur। जिले में एक नवविवाहिता ने अपने पति की संदिग्ध मौत पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। मामला हुसैनगंज थाना क्षेत्र का है।

ग्राम हुसैनगंज निवासी प्रियंका गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक फतेहपुर को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसके पति दुर्गेश अग्रहरी, निवासी राधानगर, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

प्रियंका ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि 09 अगस्त 2025 को रक्षाबंधन के दिन वह अपने पति व ननदोई राजा अग्रहरी के साथ मायके आ रही थी। रास्ते में ननदोई ने उसके पति को कुछ खाने के लिए दिया, जिसे खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर दुर्गेश को आनन-फानन में शहर के रामसनेही हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रियंका का आरोप है कि ननदोई राजा अग्रहरी पहले भी जमीन-जायदाद के लालच में उसके पति को जान से मारने की धमकी दे चुका था। वहीं, ससुर महेश अग्रहरी द्वारा पति को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हुसैनगंज थाने में सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने एसपी फतेहपुर से मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। परिजनों ने इसे सुनियोजित साजिश बताया है और अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नज़रें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *