Fatehpur: गंगा कटरी के बाढ़ प्रभावितों को राहत, लेकिन चुनौतियां अब भी कायम

Spread the love

Fatehpur। जिले के गंगा कटरी क्षेत्र में बाढ़ से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। शनिवार शाम गंगा का जलस्तर 100.98 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 12 सेंटीमीटर ऊपर है। इससे पहले जलस्तर 101.17 मीटर था। जलस्तर में कमी से प्रभावितों ने राहत की सांस ली है।

महुआ घाटी स्थित राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों को तीन वक्त का भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। बिंदकी एसडीएम प्रियंका ने शिविर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हालांकि बिंदकी फॉर्म, जाड़े का पुरवा और सदनहाँ जैसे इलाकों में अभी भी जलभराव बना हुआ है।

पशुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। गोपालगंज से आई टीम के नेतृत्व में पशु चिकित्सक डॉ. स्नेह लता गुप्ता द्वारा टीकाकरण और पंजीकरण कराया जा रहा है। साथ ही कृमिनाशक दवाएं भी वितरित की जा रही हैं।

राहत शिविर में कई समस्याएं भी बनी हुई हैं। लोगों ने आवारा कुत्तों के हमले, बारिश के बाद फैली गंदगी और पीने के पानी की कमी को लेकर शिकायतें की हैं। फिलहाल दो टैंकर से ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि प्रभावितों की मांग है कि कम से कम चार टैंकर उपलब्ध कराए जाएं।

बिंदकी तहसीलदार अचलेश सिंह ने आश्वासन दिया है कि जैसे ही लोग अपने गांव लौटेंगे, वहां सफाई अभियान और दवा छिड़काव कराया जाएगा। वहीं, किसानों की फसलों के नुकसान से रोज़ी-रोटी का संकट गहराता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *