फतेहपुर जिले के अमौली कस्बे में चैत माह के अवसर पर गुरुवार को श्रद्धा और आस्था के साथ जवारे निकाले गए। इस दौरान गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच युवक-युवतियों ने मुंह में आस्था की सांग रखकर भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसने पूरे कस्बे का माहौल भक्तिमय बना दिया।

परंपरा के अनुसार चैतवर के दिन मां काली की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इसी क्रम में अमौली में सात कन्याओं द्वारा कलश स्थापना की गई, जिसके बाद मां काली मंदिर परिसर से शोभायात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा कस्बे की विभिन्न गलियों से होकर गुजरी, जहां सांग लिए भक्त भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए अपनी आस्था का प्रदर्शन करते रहे।



शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में भक्तों ने सांग उतरवाकर मां काली के चरणों में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। इस आयोजन में कस्बे और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।




