फतेहपुर जिले के बहुआ कस्बे के पास बांदा-टांडा हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान कल्लू पटेल (20) पुत्र मनोज पटेल निवासी गांधी नगर, बहुआ के रूप में हुई है।



जानकारी के अनुसार, कल्लू पटेल अपने दोस्त अमित के साथ बाइक से बहुआ से गाजीपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत सीएचसी गाजीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में घायल अमित का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कल्लू पटेल की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि कल्लू एक मेहनती और होनहार युवक था, जो परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था।




