
फतेहपुर स्थित अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मेडिकल कॉलेज में आईपीडी की पहली लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिससे जनपद के मरीजों को अब आधुनिक शल्य चिकित्सा की सुविधा अपने जिले में ही मिलने लगी है।

यह सर्जरी प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. आर.के. मौर्या के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। ऑपरेशन में ओटी इंचार्ज दुर्गा सोनी, डॉ. हसन, डॉ. सुजीत एवं उनकी पूरी मेडिकल टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लेप्रोस्कोपिक तकनीक से की गई इस सर्जरी से मरीज को कम दर्द, कम जटिलता और जल्दी स्वस्थ होने का लाभ मिलेगा।


मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसे फतेहपुर के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि आने वाले समय में और भी आधुनिक सर्जरी सुविधाएं शुरू की जाएंगी। इससे जिले और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।




