फतेहपुर जनपद के लिए गर्व का क्षण तब आया जब “ॐ शारंगधर कला गन्धर्व वेद विद्यापीठ” के गायन एवं बांसुरी वादन के छात्र अभिनव सिंह का चयन एनसीसी के प्रतिष्ठित RDC (Republic Day Camp/गणतंत्र दिवस शिविर) हेतु राष्ट्रीय स्तर पर हुआ। कठिन चयन प्रक्रियाओं से गुजरकर अभिनव ने यह उपलब्धि हासिल की और जिले का मान बढ़ाया।
RDC शिविर के दौरान अभिनव को Chief of Defence Staff (CDS), Chief of Navy Staff (CNS), रक्षा मंत्री, रक्षा राज्य मंत्री तथा महामहिम राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुति देने और साक्षात्कार का अवसर प्राप्त हुआ। यह किसी भी युवा कलाकार के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है।
अभिनव ने अपनी टीम के साथ ग्रुप सॉन्ग, ग्रुप डांस और बैलेट एक्ट में प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें NCC के डीजी और एडीजी द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।
दिल्ली कैंप से लौटने के बाद अभिनव ने अपने संगीत संस्थान पहुंचकर गुरु संगीताचार्य महेन्द्र कुमार अवस्थी से आशीर्वाद लिया। महेन्द्र कुमार अवस्थी ने तिलक व माल्यार्पण कर अभिनव को जीवन में संगीत की सेवा के मार्ग पर अग्रसर रहने और उत्कृष्टता के साथ देश-समाज की सेवा करने का मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर अभिनव की माता कृष्णा सिंह तथा संस्थान की सहसंचालिका दीक्षा पाल भी उपस्थित रहीं।
अभिनव की इस सफलता से पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है और युवा पीढ़ी के लिए यह प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।




