Fatehpur: ॐ शारंगधर कला गंधर्व वेद विद्यापीठ, फतेहपुर द्वारा महर्षि विश्व शांति आंदोलन के तत्वावधान में चल रहे महर्षि आदर्श भारत अभियान की कड़ी में बुधवार को डॉ. राजीव तिवारी के खंभापुर स्थित निवास पर श्री गणपति अथर्वशीर्ष (सस्वर पाठ) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. राजीव तिवारी, डॉ. शशि तिवारी सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संस्थान के संचालक महेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि महर्षि जी का संकल्प “आदर्श भारत अभियान” उनके शिष्य वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश जी के निर्देशन में “आध्यात्मिक जन जागरण अभियान” के रूप में देशभर में चलाया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य व्यक्ति, परिवार, समाज, राज्य और राष्ट्र में सतोगुणी चेतना का प्रसार कर एक आदर्श और अजेय भारत का निर्माण करना है। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे चाहे किसी भी आयु, धर्म, जाति या व्यवसाय से जुड़े हों, इस अभियान में अपना समय और ऊर्जा देकर योगदान अवश्य दें।

अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नारी सुरक्षा, काव्य गोष्ठी और समसामयिक विषयों पर परिचर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का समापन भगवान श्री गणेश जी की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।




