
Fatehpur: ॐ शारंगधर कला गन्धर्व वेद विद्यापीठ, फतेहपुर द्वारा 17 सितंबर को पंडित विष्णु नारायण भातखंडे एवं भारतरत्न एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी जी की पुण्य स्मृति में एक भव्य संगीत समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आईएएस नौशीन सिद्दीकी एवं विशिष्ट अतिथि आरएसएस के विभाग कार्यवाह ज्ञानेंद्र की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन से हुआ। समारोह की अध्यक्षता श्री आनंद विक्रम सिंह एवं श्रीमती अर्चना सिंह ने की। यह कार्यक्रम सुन्दर सिंह इंटर कॉलेज, पुलिस लाइंस, फतेहपुर के सभागार में सम्पन्न हुआ।

विद्यार्थियों ने दी विविध प्रस्तुतियाँ
संगीत संस्थान के विद्यार्थियों ने अपनी कला का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए बांसुरी वादन, ख्याल गायन, दादरा, कजरी एवं शास्त्रीय राग आधारित देशभक्ति समूह गीत प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर अधिराज सिंह, आराध्या, रियार्थ, काव्या, शिवांगी, मानसी, दिव्या, कोपल, अश्विन, अभिनव, शौर्य, पार्थ एवं अमन सहित अनेक विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

वरिष्ठ संगीतज्ञ का सम्मान
समारोह के दौरान जिले के वरिष्ठतम संगीतज्ञ श्री शालिग्राम गुप्ता का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि आईएएस नौशीन सिद्दीकी द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
संस्थान का उद्देश्य
संगीत संस्थान के संचालक महेन्द्र कुमार अवस्थी ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य नई प्रतिभाओं को संगीत की क्रियात्मक एवं शास्त्रीय शिक्षा देकर मंच प्रदान करना है। साथ ही भारतीय महान संगीतज्ञों की स्मृति में आयोजन कर लोगों को देश की गौरवशाली परंपरा से अवगत कराना भी संस्थान की प्राथमिकता है।
मुख्य अतिथि का उद्बोधन
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि आईएएस नौशीन सिद्दीकी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं संस्थान की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि “संगीत को शिक्षा के समानांतर महत्व देने की आवश्यकता है। यह न केवल व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारता है बल्कि समाज को भी सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करता है।” उन्होंने संस्थान एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।








