फतेहपुर। फतेहपुर पुलिस की SOG और इंटेलीजेंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सल्तनत अहमद और अनुराग शर्मा के रूप में हुई है। वहीं, वारदात में शामिल आमिर और सलीम अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरात, तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त वॉकी-टॉकी बरामद किए हैं।

वॉकी-टॉकी से की थी वारदात की प्लानिंग
19 अगस्त को सदर कोतवाली क्षेत्र के अमरजई इलाके में आरोपियों ने बिजली कर्मी बनकर घर में घुसकर महिलाओं को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया था और लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए थे। खास बात यह रही कि लुटेरों ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए उस दिन मोबाइल फोन का उपयोग न करके वॉकी-टॉकी से आपस में संपर्क साधा था।
महर्षि चौराहे के पास से गिरफ्तारी
पुलिस और इंटेलीजेंस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपियों को सदर कोतवाली क्षेत्र के महर्षि चौराहे के पास से दबोच लिया। फिलहाल फरार चल रहे आमिर और सलीम की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से घटनाओं को अंजाम देता है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




