कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के ररौंख गांव में आवारा सांड के हमले में घायल 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं आवारा पशुओं को लेकर ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ररौंख गांव निवासी छक्की लाल गांव में टहलने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबेडकर पार्क के सामने पीछे से आए आवारा सांड ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीण उन्हें पास के चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने आवारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा सांडों और अन्य पशुओं के कारण लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।




