Fatehpur News: बंद फैक्ट्री में महिला का जला हुआ कंकाल मिलने से मचा हड़कंप, हत्या की आशंका

Spread the love

Fatehpur: फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र में रविवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। रानीपुर गांव स्थित हाईवे किनारे की एक बंद पड़ी फैक्ट्री में महिला का जला हुआ कंकाल बरामद हुआ। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक, एक चरवाहे ने फैक्ट्री के अंदर जली हुई लाश देखी और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही औंग थाना पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने जांच की तो पाया कि फैक्ट्री का गेट बंद और ताला लगा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने फैक्ट्री की बाउंड्री दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर महिला का पूरी तरह जला हुआ शव, राख और हड्डियों के टुकड़े बरामद हुए। मौके से एक जला हुआ हाथ भी मिला है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को आग के हवाले किया गया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या फैक्ट्री के अंदर हुई या महिला को बाहर मारकर लाकर यहां जलाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतका की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस से मामले की सच्चाई उजागर करने की मांग करने लगे। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *