
Fatehpur: जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के मांझेपुर गांव के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कृष्णा इंटर कॉलेज फरीदपुर की तेज रफ्तार स्कूल बस ने सामने से आ रहे लोडर को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में लोडर पर सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गनीमत से बचा बड़ा हादसा
हादसे के वक्त बस में ज्यादा बच्चे सवार नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बस में बैठे दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर बस में अधिक बच्चे होते तो स्थिति और भयावह हो सकती थी।
ड्राइवर मौके से फरार
घटना के तुरंत बाद बस चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब फरार चालक की तलाश कर रही है और घटना की जांच में जुटी है।
ग्रामीणों का आक्रोश
इस हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन उस पर कोई रोक-टोक नहीं है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।








