फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने कछुआ तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब 40 लाख रुपये कीमत के 148 कछुओं को बरामद किया है।

इस कार्रवाई में एक नाबालिग समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल ले जाकर कछुओं को बेचने की फिराक में थे। पकड़े गए दोनों तस्कर जनपद सुल्तानपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्धों की तलाशी के दौरान कछुओं से भरे बैग बरामद किए गए। बरामद सभी कछुओं को आवश्यक कार्रवाई के बाद वन विभाग को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। जीआरपी-आरपीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।




