
Kanpur: पुलिस कमिश्नरेट की लगातार कार्रवाई और सख्ती के बावजूद दबंगों के हौसले पस्त होते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला बर्रा थाना क्षेत्र का है, जहां कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अभिषेक चौबे और उसके साथियों पर एक दुकानदार से रंगदारी मांगने और मारपीट करने का आरोप लगा है।

पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि अभिषेक चौबे और उसके गुर्गे आए दिन उससे रंगदारी की मांग करते हैं। रविवार देर रात भी जब उसने पैसे देने से इंकार किया तो दबंगों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। दुकानदार की पिटाई के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन बदमाश खुलेआम गाली-गलौज और धमकी देते रहे।
वायरल हो रहे CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दुकानदार पर बेरहमी से हमला किया गया। फुटेज के सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल बर्रा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम है। अब देखना होगा कि पुलिस हिस्ट्रीशीटर अभिषेक चौबे और उसके गुर्गों पर कब और कैसी सख्त कार्रवाई करती है।




