Fatehpur: जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित करूणा जीवन ज्योति अस्पताल पर एक बार फिर लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक, सात अगस्त को एक युवक का पेट का ऑपरेशन अस्पताल में किया गया था, लेकिन आरोप है कि ऑपरेशन गैर-डिग्रीधारी व्यक्ति ने किया।
परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत सुधरने के बजाय बिगड़ती चली गई। आठ अगस्त को हालत गंभीर होने पर युवक को कानपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन के नाम पर एक लाख रुपये ऐंठ लिए और शिकायत करने पर डॉक्टर ने मारपीट भी की। मामले की शिकायत पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से की है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी अस्पताल में मरीजों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।





