Fatehpur: कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष समेत 11 नामजद लोगों और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामला 4 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर में हुए प्रदर्शन से जुड़ा है।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी, लोहिया वाहिनी, यूथ ब्रिगेड समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया और नारेबाजी की गई। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान अमर्यादित शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।
कचहरी चौकी प्रभारी अनमोल सिंह की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 353(1)(ख), 352, 356(2), 189(2) और 190 के तहत कार्रवाई की है। FIR में सपा जिलाध्यक्ष समेत 11 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 25 से 30 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट: दीपा पांडे




