Fatehpur News: जहानाबाद में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई महावीर जयंती, निकली भव्य शोभायात्रा

Spread the love

फतेहपुर जिले के जहानाबाद कस्बे में जैन समुदाय द्वारा भगवान महावीर स्वामी की जयंती बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। सोमवार, 30 मार्च 2026 को गुरुजनों के आदेशानुसार विधि-विधान से पूजन-पाठ के बाद जैन मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

यह शोभायात्रा पानी टंकी रोड, अमौली चौराहा होते हुए सिठर्रा रोड स्थित जैन मंदिर के प्लॉट नंबर दो तक पहुंची। इस दौरान जैन धर्म के अनुयायी भक्ति संगीत की धुन पर झूमते नजर आए और पूरे मार्ग में धार्मिक माहौल बना रहा।

शोभायात्रा के दौरान भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक एवं पूजन किया गया। इसके बाद वापसी यात्रा पुनः उसी मार्ग से होते हुए जैन मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पश्चात आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर विमल जैन, सर्वेश जैन, राकेश जैन, विपुल जैन, कुंभकेश जैन, पंकज जैन, अमित जैन, राजा जैन, अर्पित जैन, अनिल जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग मौजूद रहे।

आयोजक सर्वेश जैन ने बताया कि गुरुजनों के मार्गदर्शन में महावीर जयंती पर यह शोभायात्रा पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ निकाली गई, जिसमें समाज के सभी लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *