Jayraj Maan Singh Update : जयराज मान सिंह की निर्मम हत्या का खुलासा, अंकित मिश्र निकला हत्यारा

Spread the love

फतेहपुर। जनपद फतेहपुर के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 68 वर्षीय जयराज मान सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना का अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी पुलिस मीडिया सेल, जनपद फतेहपुर द्वारा दिनांक 23 जनवरी 2026 को जारी प्रेस नोट में दी गई।


प्रेस नोट के अनुसार, दिनांक 21.01.2026 को थाना कोतवाली पर यूपी-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन स्थित ताम्बेश्वर चौराहे के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना के आधार पर थाना कोतवाली पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई।

प्रेस विज्ञप्ति

मृतक की पहचान जयराज मान सिंह पुत्र चन्द्रभान सिंह, निवासी सिविल लाइन, थाना कोतवाली नगर, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई। मामले में मृतक की पत्नी शहनाज मान द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 26/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।


पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य, इलेक्ट्रॉनिक डाटा, फॉरेंसिक रिपोर्ट एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त अंकित मिश्रा तक पहुंच बनाई गई। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने घटना को स्वीकार करते हुए हत्या की पूरी योजना और घटनाक्रम की जानकारी दी।


प्रेस नोट के अनुसार अभियुक्त ने बताया कि वह पिछले 8-9 वर्षों से मृतक के संपर्क में था और धीरे-धीरे उनका विश्वास प्राप्त कर लिया था। जमीन संबंधी लेन-देन एवं आर्थिक लाभ की नीयत से अभियुक्त ने मृतक की हत्या की योजना बनाई। घटना के दिन अभियुक्त मृतक को अपने साथ लेकर गया और योजनानुसार वारदात को अंजाम दिया।


पुलिस ने अभियुक्त अंकित मिश्रा पुत्र सुभाष मिश्रा, निवासी ताम्बेश्वर नगर, थाना कोतवाली जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, अभियुक्त के रक्तरंजित कपड़े, बोलेरो कार, मोटरसाइकिल तथा अभियुक्त का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस द्वारा प्रकरण में नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा विवेचना जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *