फतेहपुर जिले के थाना गाजीपुर क्षेत्र में पुलिस, एसओजी और इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। देर रात चेकिंग के दौरान टीम ने 92.06 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए मध्य प्रदेश के एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेश महरा पुत्र लल्लू प्रसाद महरा (30 वर्ष) निवासी ग्राम खांडा, थाना अनूपपुर, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। मौके से तस्करी में प्रयुक्त इको वैन (वाहन संख्या MP65 ZC 8284) और 650 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
इस मामले में थाना गाजीपुर में मु0अ0सं0 06/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दूसरे अभियुक्त प्रकाश नापित उर्फ बड़कू निवासी रामपुर, थाना आमलई, जिला शहडोल (मध्य प्रदेश) मौके से फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




