Fatehpur में नशेबाज का कहर: तीन बुजुर्गों पर कुल्हाड़ी से हमला, एक की मौत, दो गंभीर

Spread the love

Fatehpur: जिले के धाता थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में देर रात नशे में धुत युवक ने तीन बुजुर्गों पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में 70 वर्षीय केशपाल पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 75 वर्षीय सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी वीरभान सिंह और 60 वर्षीय रामलखन सिंह पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार तीनों बुजुर्ग अपने घरों के बाहर सो रहे थे। तभी गांव का ही रहने वाला श्याम पांडेय अचानक हाथ में कुल्हाड़ी लेकर आया और सोते समय हमला कर दिया। हमले से गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने दौड़ाकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना में सिर पर गंभीर चोट लगने से केशपाल पटेल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल दोनों बुजुर्गों को ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सीएचसी ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतक के बेटे विजय उर्फ झल्लू ने पुलिस को बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और पिता की हत्या बिना किसी वजह के कर दी गई।

सूचना पर सीओ बृजमोहन राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *