फतेहपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हथगांव थाना पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से संबंधित मामले में वांछित था। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में की गई।
पुलिस के मुताबिक, 05 अक्टूबर 2026 को थाना हथगांव पुलिस ने केस संख्या 2053/09, अपराध संख्या 62/05, धारा 25 आर्म्स एक्ट से संबंधित वारंटी अभियुक्त अशोक कुमार उर्फ सिल्ली पुत्र शिवमोहन, निवासी ग्राम शाहपुर, थाना हथगांव, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ फतेहपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम से संबंधित कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं।
अभियुक्त के आपराधिक इतिहास में थाना हथगांव के वर्ष 1996, 2005 और 2008 के मामले, थाना मलवां का वर्ष 2024 का मामला, थाना खागा के वर्ष 2024-25 के कई मामले तथा थाना थरियांव का वर्ष 2024 का मामला शामिल है।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
वारंटी अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह और कांस्टेबल अंतिम यादव, थाना हथगांव जनपद फतेहपुर शामिल रहे।
रिपोर्ट: दीपा पांडे




