Fatehpur: जनपद के असोथर कस्बे में सोमवार की रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अज्ञात बदमाशों ने 80 वर्षीय मोहम्मद सत्तार कुरैशी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। उनका क्षत-विक्षत शव मंगलवार सुबह ट्रांसफार्मर के नीचे मिला।
सूचना के अनुसार, मोहम्मद सत्तार कुरैशी बीते 25 वर्षों से अपने 52 बीघे खेत पर बने ट्यूबवेल की रखवाली करते थे। सोमवार की रात वे वहीं सोए थे। सुबह उनका नाती ट्यूबवेल पर पहुंचा तो उसने सत्तार कुरैशी का शव खून से सना हुआ देखा। यह मंजर देखकर परिजन और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बदमाश मृतक का मोबाइल फोन और टीवीएस XL मोपेड भी लेकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में लगातार चोर और बदमाश सक्रिय रहते हैं। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बड़ा मौरंग-बालू डंप है, जहां चौबीसों घंटे आवाजाही रहती है, इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से भाग निकले। इससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन इस घटना ने ग्रामीणों के मन में भय और असुरक्षा की गहरी छाप छोड़ दी है।








